नगर निगम कानपुर के वार्ड नंबर 43 की विभिन्न कालोनियों में स्थानीय पार्षद राजकिशोर यादव ने नगर निगम कर्मचारियों के सहयोग से सफाई अभियान चलाया। इस अभियान के तहत सबसे पहले जाम पड़े सीवरेज व नालियों की सफाई करवाई जा रही है। पार्षद के अनुसार जल्द ही त्यौहारों का समय आने वाला है और वर्तमान में बीमारियों से भी वार्ड वासियों को सुरक्षित रखना है, इसलिए अभियान अब लगातार चलाना होगा। वार्ड में चल रहे सफाई अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। सफाई कार्य में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए इसके लिए वार्ड के पार्षद स्वयं निरीक्षण कर रहे हैं।
पार्षद ने जानकारी देते हुए बताया कि सफाई अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर जाम पड़े सीवरेज को साफ किया गया, और गीले तथा सूखे दोनों ही तरह से कचरे का तुरंत निस्तारण भी किया गया। वार्ड के बहुत से स्थानों पर नालियां कीचड़ से अटी पड़ी थी। नालियों से काफी कीचड़ भी निकाला गया और सफाई होने के बाद अब पानी निकासी की समस्या दूर हो गई है। इसके साथ ही नाली के किनारों पर चूना पाउडर का छिड़काव भी पार्षद ने कराया और स्थानीय नागरिकों को साफ-सफाई बरकरार रखने के लिए भी सजग किया।