जुवारी नदी
- By
- Pani ki Kahani
- August-13-2019
संक्षिप्त परिचय –
सह्याद्रि श्रृंखलाओं से निकलने वाली जुवारी नदी दक्षिण भारत में प्रवाहित होने वाली एक छोटी सी नदी है. यह प्रमुख रूप से समुद्र के तट पर बसे भारत के सबसे छोटे राज्य गोवा में बहती है. इसके साथ ही यह गोवा की सबसे लम्बी नदी भी है, जिसे राज्य की जीवनरेखा के रूप में जाना जाता है. जुवारी नदी का उद्गम पश्चिमी घाट के हेमद- बार्शम से होता है. यह माण्डवी नदी की सहायक नदी है, जो कि गोवा में ही मांडवी नदी से मिलकर अरब सागर में समाहित हो जाती है.
प्रवाह क्षेत्र –
जुवारी नदी गोवा की सीमा के अंतर्गत की अपनी जलधारा को प्रवाहित करती है तथा राज्य की सबसे लम्बी नदी होने के चलते यह गोवा के बड़े भू-भाग को सिंचित करती है. अपने सफ़र के अंत में माण्डवी नदी से मिलकर यह काबो अगुआडा नामक स्थान पर अरब सागर में गिरती है. इसके साथ ही गोवा की इस नदी की यात्रा समाप्त हो जाती है.
पुर्तगाली अन्वेषक के नाम पर रखा गया गोवा का सबसे बड़ा नगर ‘वास्को द गामा’ जुवारी नदी के तट पर ही बसा हुआ है. इस नगर में बन्दरगाह भी स्थित हैं. इसके अलावा ‘मोर्मुगाओ’ नामक बन्दरगाह भी जुवारी व माण्डवी नदी के संगम पर बना हुआ है. अविरल धारा के साथ बहने वाली जुवारी नदी में कभी- कभी ज्वार भी आते हैं, जिससे नदी की संरचना व स्वरूप में परिवर्तन होता रहता है.
